प्रिय मित्रों,
आपका स्वागत है।
मैंने सरकार के कार्यकलापों में लोगों की वैचारिक सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता सदैव अनुभव की है। समाज के विभिन्न समूहों की पंचायतों में उन्हीं से सुझाव लेकर नीति निर्धारित करने के नवाचार में हमें काफी सफलता मिली। समस्याओं के समाधान ढूंढने तथा व्यवस्थाओं में सुधार करने की आपकी क्षमता ने मुझे हमेशा प्रभावित किया है।
हमने प्रदेश के विकास की जो कल्पना की है, उसे आपसी सहयोग के बिना मूर्त रूप देना संभव नहीं है। आपकी सकारात्मक सोच और कुछ करने की इच्छाशक्ति परिणाममूलक शासकीय कार्यक्रमों की मजबूत नींव बन सकती है। हमे विकास के ऐसे कीर्तिमान स्थापित करना है जो दूसरों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बन सकें।
''आईडियाज़ फार सीएम'' के माध्यम से मैं उन सभी मित्रों तक पहुँच सकूँगा जिन्हें प्रत्यक्ष मिलने का अवसर नहीं मिलता। मुझे आपके बहुमूल्य सुझावों की प्रतीक्षा रहेगी। हम इन पर गंभीर विचार और प्रभावी अनुसरण करेंगे।
आइऐ, हम सब प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें। एक ऐसे मध्यप्रदेश का निर्माण करें जिस पर आने वाली पीढ़ी को गर्व हो।
जय हिन्द।